फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एडोर बिल्डर की हैपी होम, प्राइड और प्रिंसेस पार्क सोसाइटी में बिजली की गंभीर समस्या को लेकर शनिवार दोपहर निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सेक्टर-12 स्थित एडोर बिल्डर के ऑफिस के बाहर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया और कंपनी पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने 24 घंटे बिजली सहित सभी सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन अब वह अपने वादों से पीछे हट गया है।
निवासियों के अनुसार, सोसाइटी में केवल 10 से 12 घंटे ही डीजी सेट के जरिए बिजली दी जाती है, जबकि करीब 12 से 15 घंटे तक बिजली कटौती रहती है। इस कारण करीब 200 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि सर्दियों का मौसम तो किसी तरह बीत गया, लेकिन अब गर्मियों में इतनी लंबी बिजली कटौती के बीच रहना मुश्किल हो जाएगा।
प्रिंसेस पार्क आरडब्ल्यूए के प्रधान गौरव कुमार ने बताया कि पिछले छह से सात महीनों से एडोर बिल्डर की लापरवाही के कारण सोसाइटी के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि फ्लैट लेते समय बिल्डर ने भरोसा दिलाया था कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन आज तक सोसाइटी में सरकारी बिजली की लाइन तक नहीं लगाई गई है और न ही ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था की गई है।

No comments :