फरीदाबाद के सेक्टर 15 A स्थित श्री जगननाथ मंदिर के बाहर कमेटी का बोर्ड लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के बीच में हुई धक्का मुक्की में एक युवक को चोट लग गई। सेंट्रल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 15 A में जगननाथ मंदिर बना हुआ है। इस मंदिर को 1985 में बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक पिछले काफी समय से मंदिर में कमेटी के प्रधान को लेकर विवाद चला हुआ है। रविवार की सुबह कमेटी के नये प्रधान नित्यानंद व अन्य सदस्यों द्वारा मंदिर पर अपनी कमेटी का नया बोर्ड लगाया जा रहा था। इसी दौरान विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार मंदिर कमेटी के प्रधान के चुनाव को लेकर दो पक्षों में खींचतान बनी हुई है। जिसको लेकर पुराने धनेश्नर प्रधान और नये कमेटी के लोगों के बीच में विवाद हो गया।
एनआईटी नंबर 5 के रहने वाले विवेकानन्द ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सुबह करीब 9 बजे मंदिर पहुंचा था। जहां पर अरूण रावत नामक शख्स ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि अरूण रावत ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके गले से सोने की चैन छीन ली। इस दौरान उसके चेहरे पर भी चोट आई है।
सेंट्रल थाना पुलिस झगड़े की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उनको दो पक्षों के झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस अभी पुरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाही की जायेगी।

No comments :