HEADLINES


More

फरीदाबाद में गैस किल्लत के बीच गैस की चोरी के कई वीडियो वायरल

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 14 March 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद में अलग-अलग जगहों से गैस एजेंसियों के कर्मचारियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर से गैस चोरी करने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने कहा है कि वीडियो में दिख रहे कर्मचारियों और एजेंसियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच इन वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण घरेलू और कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित है। फरीदाबाद में लोग सुबह तीन बजे से ही एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग रहे हैं। इसी बीच कुछ एजेंसी कर्मचारी गैस चोरी कर उपभोक्ताओं की जेब काटने में लगे हैं।

पहला वायरल वीडियो ओल्ड फरीदाबाद का बताया जा रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि सिलेंडर सप्लाई करने वाले टेंपो के अंदर भरे हुए सिलेंडर से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडर में भरी जा रही है। वाहन पर एचपी गैस एजेंसी का नाम लिखा है, जो घर-घर सिलेंडर सप्लाई करने का काम करता है। एक व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

दूसरा वीडियो बल्लभगढ़ के आर्य नगर, गली नंबर 3 का है। इसमें एक कर्मचारी खुले में सिलेंडर से गैस निकालते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किस एजेंसी से जुड़ा है। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति साइकिल पर सिलेंडर सप्लाई करता है और खुलेआम गली में गैस ट्रांसफर करता नजर आ रहा है।

फरीदाबाद की जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी (DFSC) कविता परिहार ने बताया कि विभाग ने इन वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे कर्मचारियों और वाहनों के आधार पर संबंधित गैस एजेंसियों की पहचान की जा रही है।

कविता परिहार ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषी एजेंसियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा न जाए।


No comments :

Leave a Reply