//# Adsense Code Here #//
10 मार्च को पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर सिंह द्वारा शहर के प्रमुख मॉल प्रबंधन के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मॉल परिसरों के बाहर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े वाहनों तथा विशेष रूप से सप्ताहांत शनिवार-रविवार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं का समाधान करना था।
बैठक में पेबल डाउनटाउन मॉल, क्राउन प्लाजा मॉल, एल्डिको वन मॉल, मॉल ऑफ फरीदाबाद तथा पार्श्वनाथ सिटी मॉल के प्रशासनिक विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार सहित अन्य यातायात अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मॉल प्रबंधन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि मॉल परिसरों के बाहर सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। विशेष रूप से सप्ताहांत के दिनों में अधिक भीड़ होने के कारण कई वाहन चालक मॉल के बाहर सड़क पर ही पार्किंग कर देते हैं, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
यातायात पुलिस द्वारा मॉल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि परिसरों के अंदर उपलब्ध पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता होने पर पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाएं। उनको यह भी कहा गया कि अपने स्तर पर पर्याप्त संख्या में यातायात मार्शल अथवा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करें ताकि वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करवाया जा सके और को
ई वाहन सड़क किनारे खड़ा ना हो।
ई वाहन सड़क किनारे खड़ा ना हो।
इसके अतिरिक्त परिसर के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर स्पष्ट संकेतक लगाने, पार्किंग मार्ग को व्यवस्थित करने तथा भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिये गये। यह भी कहा गया कि परिसर के बाहर सड़क पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को तुरंत हटवाने की जिम्मेदारी उनके प्रशासन की भी होगी।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार यातायात पुलिस द्वारा मॉल परिसरों के आसपास अवैध पार्किंग के विरुद्ध लगातार चालान की कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। यदि भविष्य में परिसरों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पाई जाती है या स्टाफ की लापरवाही के कारण सड़क पर पार्किंग कराई जाती है, तो संबंधित वाहन चालकों के साथ-साथ संबंधित मॉल प्रबंधन के विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद यातायात पुलिस की सभी नागरिकों से भी अपील है कि मॉल परिसरों के आसपास अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की सूचना तथा किसी भी प्रकार की यातायात सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा फरीदाबाद यातायात पुलिस के सोशल मीडिया माध्यम एक्स (ट्विटर), फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर भी अपनी शिकायत या सूचना साझा कर सकते हैं तथा इन मंचों के माध्यम से यातायात से संबंधित ताज़ा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

No comments :