फरीदाबाद के एनआईटी-5 नंबर इलाके में देर रात एक आरओ मैन्युफैक्चरिंग के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 2 बजे की है। आसपास के लोगों को अचानक तेज जलने और कुछ फटने जैसी आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि उनके घरों के पास स्थित 5 से 8 लीटर क्षमता वाले आरओ मशीनों की मैन्युफैक्चरिंग के गोदाम में आग लगी हुई है। आग की लपटें और धुआं तेजी से फैल रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। एनआईटी फायर स्टेशन के ऑफिसर राकेश कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि एनआईटी क्षेत्र के 5H/51 नंबर मकान में बने गोदाम में आग लगी हुई है। शुरुआत में एक गाड़ी भेजी गई थी, लेकिन आग काफी भयंकर थी, जिसके चलते अन्य गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा। फायर ब्रिगेड की कुल पांच गाड़ियों ने करीब चार घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।

No comments :