हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 4 विधायकों के नाम सार्वजनिक कर दिए। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढ़ौरा विधायक रेनू बाला ने क्रॉस वोटिंग की थी।
उन्होंने आगे कहा- “पार्टी की डिसिप्लिनरी कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक को इसकी जानकारी दे दी है। आज इन सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा।” रिजल्ट के बाद सामने आया था कि 5 विधायकों की तरफ से क्रॉस वोटिंग की गई थी। हालांकि, कांग्रेस ने 4 ही नाम बताए।
विधायक शैली चौधरी और रेनू बाला सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा की करीबी हैं। एक दिन पहले ही शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर ने कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष के पद और पार्टी से इस्तीफा दिया था।
इससे पहले, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और नांगल चौधरी विधायक मंजू चौधरी बुधवार को चंडीगढ़ में पार्टी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। दोनों विधायकों ने कहा कि वोट रद्द होने वाले विधायकों में उनके नाम भी उछाले जा रहे हैं। कुछ देर बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों विधायकों के पास पहुंचे। उन्हें हाथ पकड़कर उठा दिया और अपने साथ विधानसभा ले गए।

No comments :