//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी के दिशा-निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-37 क्षेत्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। हेलमेट ना पहनने वाले वाहन चालकों को समझाकर उन्हें नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिले।
इसके अतिरिक्त टीम द्वारा महिलाओं के विरुद्ध अपराध (Crime Against Women) तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुप्रथा है, जो बेटियों के अधिकारों और उनके भविष्य को प्रभावित करती है तथा समाज में महिलाओं के प्रति अत्याचार को बढ़ावा देती है। इसलिए ऐसे कानूनों की जानकारी होना और उनका पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को आपातकालीन व सहायता हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे 112, 1930, 1933, 1098 और 1091 की जानकारी दी गई। साथ ही नशे से संबंधित जानकारी के लिए MANAS ऐप के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के पश्चात नशा मुक्ति टीम द्वारा एनआईटी जोन, फरीदाबाद में डोर-टू-डोर सर्वे अभियान भी चलाया गया।
इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत लगभग 500 लोगों को जागरूक कर समाज में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।

No comments :