फरीदाबाद जिले के गांव शाहुपुरा में अवैध कॉलोनी के खिलाफ जिला योजनाकार विभाग (डीटीपी) ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से 2 एकड़ में विकसित की जा रही कॉलोनी में तोड़फोड़ अभियान चलाया, जिसमें एक मकान और 5 बाउंड्री वॉल सहित 27 डीपीसी (निर्माण की शुरुआती संरचनाएं) तोड़ी गई।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।
डीटीपी विभाग के अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि शहर में अवैध कॉलोनियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग इसको लेकर पूरी तरह सख्त है और लगातार ऐसे निर्माणों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियां न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती हैं, बल्कि इससे सरकार को राजस्व का भी नुकसान होता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ विकसित हो रही कॉलोनियों में प्लॉट या मकान खरीदने से बचें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

No comments :