फरीदाबाद जिले के एनआईटी नंबर-2 बाजार में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब नगर निगम की टीम द्वारा दुकानों के सामने खुदाई शुरू की गई। खुदाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली, जिससे कुछ समय के लिए काम भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, एनआईटी-2 बाजार में नगर निगम द्वारा सड़क का पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की ओर से दुकानों के सामने खुदाई कराई जा रही है। आरोप है कि यह खुदाई दुकानों के बाहर बने टीन शेड के नीचे तक की जा रही है, जिससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई।
दुकानदारों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताते हुए कहा कि निगम गलत तरीके से खुदाई कर रहा है और इससे उनकी दुकानों के दरवाजों और ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद निगम के जेई कपिल मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही दुकानदारों और अधिकारियों के बीच बहस तेज हो गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोक-झोंक चली। बाद में जेई कपिल ने दुकानदारों को समझाया और आश्वासन दिया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य जनहित में किया जा रहा है और किसी को अनावश्यक नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

No comments :