गुरुग्राम जिला पुलिस ने दिल्ली एनसीआर के अग्रणी डेवलपर्स में से एक 32nd माइलस्टोन के डायरेक्टर ध्रुव शर्मा को अरेस्ट किया है। ध्रुव शर्मा 100 करोड़ के फ्लैट वाली सबसे पॉश सोसाइटी दी कैमेलियाज में रहता है।
आरोप है कि उसने सेक्टर-15 स्थित 32 माइलस्टोन बिल्डिंग की एक यूनिट का सेल एग्रीमेंट करवाकर फिर उस सेल की गई यूनिट को 25 लोगों को बेच दिया। एक व्यक्ति से उसने दो करोड़ 50 लाख रुपए लिए थे। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
इस सबंध में मैसेर्ज ट्रॉम वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की तरफ से शिकायत दी गई थी। जिसमें बताया गया कि मैसेर्ज 32nd विस्टास प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, निर्देशक व शेयरधारकों द्वारा उनकी कंपनी से साल 2021 में संपर्क किया। उनकी तरफ से बताया गया कि वे रियल एस्टेट के बड़े खिलाड़ी हैं और किराया बाजार में क्रांति लाएंगे।
उन्होंने 32nd माइलस्टोन सेक्टर-15, पार्ट-2 के परिसर में पहली मंजिल पर यूनिट संख्या-24 (3000 वर्ग फुट) को बिक्री हेतु प्रस्तावित किया गया। इस यूनिट का मूल्य 02 करोड़ 50 लाख रुपए तय किया गया और 21 सितंबर 2021 को पूरा भुगतान कर दिया गया। उन्होंने एग्रीमेंट टू सेल तो किया पर भुगतान के बाद क्रेता कम्पनी के नाम कन्विन्स डीड नहीं कराई और बार बार टालते रहे।
इस संबंध में पीड़ित कंपनी द्वारा 11 अक्टूबर 2023 को नोटिस जारी करवाया गया, लेकिन कंपनी द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। बाद में पता चला कि जिस यूनिट के लिए उनसे ढाई करोड़ लिए गए उसे तो वर्ष-2022 से वर्ष-2023 के बीच 25 अन्य व्यक्तियों के नाम कन्विन्स डीड कराई जा चुकी है। ऐसे में उनके साथ धोखाधडी करके सेल एग्रीमेंट समाप्त किया और उनसे ठगी की है।
इस संबंध में दो जनवरी 2026 को सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया।

No comments :