//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद 11 फरवरी - माकपा जिला सांगठनिक कमेटी फरीदाबाद, ने कल 12 फरवरी को विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी फैडरेशन के आह्वान पर होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन किया । पार्टी के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल आज हड़ताल की तैयारी के सिलसिले में पार्टी की दयाल नगर ब्रांच की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार लगातार मजदूरों, किसानों पर हमले तेज कर रही है। सरकार ने 5 साल पहले पूंजीपत्तियों के हित
में मजदूर विरोधी चार लेबर कोड्स पारित कर दिए। अब इनको 21 नवंबर 2025 को लागू कर दिया। यह हमारी वर्तमान व भावी पीढ़ी को गुलाम बनाने का दस्तावेज है। जिसके चलते देश की 85% उद्योगों और फैक्ट्रीयों में काम करने वाले मजदूर हर तरह से प्रभावित होंगे। यही नहीं यूनियन बनाने, हड़ताल करने के संविधान सम्मत अधिकार पर भी कुठाराघात किया गया है। काम के घंटे 8 से बढ़कर 12 करने का प्रावधान सबसे बड़ा हमला है। यदि इन कानूनों को वापस नहीं लिया गया तो परियोजना कर्मीयों और कच्चे कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन पक्की नौकरी, सामाजिक सुरक्षा की मांग करना बेमानी हो जाएगी। इसके साथ-साथ हर 5 साल पर महंगाई के हिसाब से न्यूनतम वेतन या ग्रेड पे करने का कानून भी कमजोर हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सरकार ने मनरेगा कानून को खत्म कर दिया है इसकी जगह पर वीबी-जी राम जी कानून बना दिया गया। नए कानून में न तो काम करने की गारंटी है। और न हीं बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान है। साल में दो महीने काम ही नहीं दिया जाएगा और इसके लिए बजट की सीमा भी लगा दी गई है। यही नहीं अभी तक इसका पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करती थी। लेकिन अब इस पर केंद्र केवल 60% खर्च करेगा बाकी 40% राज्य सरकारों को वहन करना होगा। असल में यह करोड़ों ग्रामीणों को राहत प्रदान करने वाले इस रोजगार गारंटी कानून को समाप्त करने के लिए बनाया गया है। सरकार बिजली बिल 2025 लेकर के आई है। जिसके तहत पूरे बिजली क्षेत्र को प्राइवेट हाथों में देने की योजना है। इसके तहत स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। आगामी दिनों में इसके चलते बिजली काफी महंगी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी खराब है। पुलिस ऑटो रिक्शा ड्राइवरों के नाजायज चालान काट रही है। शहर में पीने के लिए शुद्ध पेयजल नहीं मिलता है। सेक्टरों सहित कॉलोनीयों में पीने के पानी के साथ सीवर का पानी और मिट्टी आ रही है। थोड़ी सी बारिश में सड़कों पर पानी भर जाता है। जल भराव की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आए दिन ट्रैफिक जाम लगा रहता है। लोगों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, मैरिज सर्टिफिकेट, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, ड्राइविंग लाइसेंस, ब जन्म, मृत्यु, प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ वोटर आईडी कार्ड बनाने सहित अन्य प्रकार के कार्यों को करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश के लाखों श्रमिक और कर्मचारी कल की हड़ताल में भाग लेंगे ।इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। सारा काम काज बंद रहेगा।

No comments :