फरीदाबाद नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने शनिवार को वार्ड नंबर 38 का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, सीवरेज प्रणाली, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, पार्कों की देखरेख और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं निगम कमिश्नर के सामने रखी। जिसमें विशेष रूप से सीवरेज जाम, सड़क मरम्मत, जलभराव, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान करवाने तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारे करने के निर्देश दिए।
निगम कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम का मुख्य लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को
आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और फील्ड स्तर पर अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई और सीवरेज से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए।
वार्ड नंबर 38 पहुंचने पर स्थानीय निवासियों और वार्ड प्रतिनिधियों द्वारा निगम आयुक्त का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान जाइंट कमिश्नर करन सिंह भदौरिया (बल्लभगढ़/ग्रेटर फरीदाबाद), वार्ड के पार्षद, नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सफाई निरीक्षक, इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments :