हरियाणा में शुक्रवार को करीब 12 जिलों में बारिश हुई, जिनमें दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर के अलावा हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़ शामिल है। सिरसा और फरीदाबाद के कुछ इलाकों में ओले भी पड़े।
शुक्रवार की शाम का मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट में कैथल जिले के गुहला, कुरुक्षेत्र के पिहोवा, शाहबाद और अंबाला में आंधी और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट किया गया है। उधर, पंचकूला में विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने से करीब 9 घंटे तक आधे शहर की बिजली गुल रही। । अधिकारियों का कहना है कि तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ों के गिरने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पंचकूला, हरमिलाप नगर, बल्टाना, जीरकपुर, डेराबसी के इलाके प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा घटनाक्रम में कुरुक्षेत्र के लाड़वा में बरगद का पुराना पेड़ कार पर गिर गया। गनीमत रही कि कार सवार बच गया। गुरुग्राम में बारिश के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। लंबा ट्रैफिक जाम रहा, जिससे ऑफिस, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। पानीपत में हाईवे और अंबाला में कॉलोनी में जलभराव हो गया। वहीं, सीएम नायब सैनी बारिश के बीच ही चड़ीगढ़ के सेक्टर तीन स्थित सुभाष पार्क पहुंचे और वहां लगी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के सामने नमन किया।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में 25 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की ठिठुरन कम होगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट की स्थिति बनी रहेगी। भिवानी में अब तक सबसे ज्यादा 15 एमएम बारिश दर्ज की गई।

No comments :