दिल्ली–मथुरा हाईवे के NHPC यूटर्न पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आई-20 कार में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी। कार ड्राइवर की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार कार ड्राइवर संजय दिल्ली से फरीदाबाद की ओर आ रहा था। जैसे ही उसने NHPC यूटर्न लिया, कार के फ्रंट हिस्से से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही सेकेंड में कार बीच सड़क पर बंद हो गई। संजय ने तत्काल कार से बाहर निकलकर जान बचाई। बाहर आते ही इंजन से उठने वाला धुआं तेजी से बढ़ा और अचानक तेज लपटों में बदल गया। संजय कुमार NHPC यूटर्न से वापस दिल्ली जाने के लिए मुड़ रहे थे।
मौके पर मौजूद लोग भी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। किसी ने पास से फायर सिलेंडर लाकर कार पर छिड़काव किया, जबकि कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर आग रोकने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें और बढ़ती चली गईं। इसके बाद संजय ने NHPC चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी दी।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी ASI हितेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें लगभग 7:45 बजे एक दिल्ली नबर कार में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत सेक्टर-31 फायर स्टेशन को फोन किया। करीब 10 मिनट में फायर ब्रिगेड की टीम एक गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने लगभग 10 मिनट की मशक्कत कर कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

No comments :