हरियाणा में चल रही डॉक्टरों की हड़ताल को लेकर पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि याचिका को प्रॉपर फार्मेट में दाखिल नहीं किया गया है। इसमें केस से संबंधित ऑर्डर, जजमेंट की कॉपी नहीं लगी हुई है, इसलिए इस याचिका निपटारा किया जाता है। कोर्ट ने याचिका को नए सिरे से दाखिल करने के लिए कहा।
इधर, चौथे दिन हड़ताल पर बैठे सरकारी डॉक्टरों को सरकार ने मीटिंग के लिए बुला लिया है। यह मीटिंग आज, गुरुवार दोपहर बाद चंडीगढ़ में होगी। कल ही सरकार ने डॉक्टरों की 4 में से 3 मांगें मान लीं थीं।सरकार के मांगे माने जाने के बाद पंचकूला में पुलिस धरना हटाने के लिए पहुंच गई। पुलिस ने कहा कि सिर्फ 3 डॉक्टर धरने पर बैठे और बाकी डॉक्टर काम पर लौटें। मगर, डॉक्टर धरना देने पर अड़े रहे।
इस दौरान पंचकूला पुलिस और हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (एचसीएमसीए) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया के साथ पुलिस की तीखी बहस हो गई। डॉक्टरों ने मीटिंग तक धरना हटाने से इनकार कर दिया। इससे पहले सरकार हड़ताली डॉक्टरों पर एस्मा लागू कर चुकी है। जिसमें हड़ताल पर रोक लगाते हुए डॉक्टरों को चेतावनी दी गई है कि अगर वह ड्यूटी पर नहीं लौटे तो सैलरी भी रोकी जा सकती है। सरकार हड़ताली डॉक्टरों की लिस्ट भी तैयार कर रही है।

No comments :