बल्लभगढ़ के मुख्य बाजार स्थित एक हलवाई की दुकान पर फूड सेफ्टी विभाग ने छापेमारी की और खोया (मावा) और पनीर के सैंपल लिए हैं। फूड सेफ्टी ऑफिसर ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पुनीत ने बताया कि कुछ दिन पहले विभाग की टीम ने पनीर से भरी एक गाड़ी पकड़ी थी। पूछताछ के दौरान गाड़ी के चालक ने बताया कि यह पनीर बल्लभगढ़ स्थित रमेश चंद हलवाई की दुकान पर सप्लाई किया जाता था। इसी सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम ने दुकान में रखे गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की। अधिकारियों ने वहां मौजूद विभिन्न खाद्य सामग्रियों को बारीकी से चेक किया।
डॉ. पुनीत ने बताया कि दुकान से दो सैंपल लिए गए हैं, जिनमें खोया और पनीर शामिल हैं। दोनों सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले पकड़ी गई गाड़ी से बरामद पनीर के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।

No comments :