हरियाणा में भाजपा के 2 मंत्री के बीच चल रहे टकराव का असर मार्केट कमेटी चेयरमैन के चयन में देखने को मिल रहा है। इसी कारण पलवल जिले की होडल, हथीन और हसनपुर मार्केट कमेटी की चेयरमैन की लिस्ट नायब सरकार को बदलनी पड़ गई। तीनों जगह पहले नायब सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के समर्थकों को चेयरमैन की कुर्सी मिली थी। सरकार ने बाकायदा लेटर जारी किया। तीनों ही जगह चेयरमैन ने पदभार संभाल भी लिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद मोदी सरकार में राज्यमंत्री और फरीदाबाद से सांसद कृष्णपाल गुर्जर की एंट्री हुई। गुर्जर ने पहले होडल और हथीन की मार्केट कमेटी के चेयरमैन की कुर्सी पर पुराने लोगों को हटाकर अपने लोगों को बैठा दिया। अब हसनपुर मार्किट के चेयरमैन को हटाकर, उनकी जगह अपने गुट के पूर्व सरपंच को कुर्सी पर बैठा दिया है।
प्रदेश सरकार की तरफ से 28 नवंबर की रात को लिस्ट जारी करते हुए हसनपुर मार्केट कमेटी के चेयरमैन पद के लिए राम कुमार बैंसला का नाम घोषित किया गया था। बैंसला मंत्री गौरव गौतम के करीबी माने जाते हैं। 2 दिसंबर को राम कुमार बैंसला ने पदभार संभाल लिया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला उनके साथ मौजूद रहे।
राम कुमार बैंसला को चेयरमैन बनाए जाने पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने अपने घर पर मिठाई खिलाकर बधाई दी। 10 दिन बाद ही उनकी जगह सरकार ने 12 दिसंबर को नोटिफिकेशन जारी कर कृष्णपाल गुर्जर के करीबी सीहा गांव के पूर्व सरपंच राजपाल को चेयरमैन बना दिया। 13 को दिसंबर राजपाल सीहा ने पदभार ग्रहण कर लिया।
हसनपुर मार्केट कमेटी के चेयरमैन का पद संभालने के बावजूद हटाए जाने को लेकर दैनिक भास्कर ऐप ने राम कुमार बैंसला से संपर्क किया। उनसे पूछा कि क्या उन्हें गौरव गौतम का समर्थक होने की वजह से हटाया गया है? यह सवाल सुनते ही बैंसला बोले, "मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। सरकार का जो फैसला है, वह मंजूर है। मैंने भाजपा के एक मजबूत सिपाही की तरह काम किया है।"

No comments :