HEADLINES


More

फरीदाबाद में जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पे

Posted by : pramod goyal on : Sunday, 21 December 2025 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद में जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। नूंह में कुछ लोगों ने जमीन बेचने के लिए पैसा तो ले लिया, लेकिन न तो रजिस्ट्री करवाई और न ही रकम लौटाई। आरोपियों ने बिल्डर कंपनी के पार्टनर से करीब 28 लाख रुपए वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर सेंट्रल थाना फरीदाबाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-16 फरीदाबाद निवासी वेद प्रकाश बंसल ने पुलिस को बताया कि वह कृषि फार्म हाउस बनाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात होडल के गांव लोहिना निवासी धर्मपाल से हुई। धर्मपाल का उनके कार्यालय में आना-जाना था।

धर्मपाल ने नूंह जिले की पुन्हाना तहसील के गांव जड़ोली में बड़ी कृषि भूमि बिकाऊ होने की जानकारी दी। 25 जून 2023 को वह धर्मपाल के साथ जमीन देखने गए। जमीन पसंद आने के बाद आरोपी ने सौदा कराने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया।

पीडित ने बताया कि वह एक बिल्डर कंपनी में पार्टनर हैं और प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का कार्य करते हैं। 28 जून 2023 को धर्मपाल समेत अन्य आरोपी पुन्हाना निवासी सपात खान, हथीन के पचनाका गांव निवासी ईसब और तैयब, पलवल के सराय खटेला निवासी जान मोहम्मद और जड़ोली निवासी नियाज मोहम्मद सेक्टर-16 स्थित कार्यालय पहुंचे। सभी ने खुद को जमीन का असली मालिक बताते हुए जब चाहें तब रजिस्ट्री कराने का दावा किया।


आपसी सहमति से पहले 14.47 एकड़ जमीन का सौदा 18 लाख रुपए प्रति एकड़ की दर से तय किया गया और उसी दिन दो लाख रुपए बयाने के तौर पर दे दिए गए। इसके बाद जुलाई में रजिस्ट्री कराने की बात हुई, लेकिन आरोपी लगातार टालते रहे। पीड़ित के अनुसार, 25 जुलाई को सेक्टर-12 में इकरारनामा कराया गया और आरोपियों की मांग पर कुल सौदे की रकम का करीब 10 प्रतिशत यानी लगभग 26 लाख रुपए और दे दिए गए। इसके बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही बाकी जमीन सौंपी गई।

जब वेद प्रकाश बंसल ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

No comments :

Leave a Reply