दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण स्तर बढ़ने पर एक बार फिर से ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू कर दी गई है। दिल्ली- एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 401 पहुंच गया है। जिसके बाद फरीदाबाद में भी पिछले कई दिनों से प्रदूषण का स्तर खतरे से ऊपर चल रहा है।
फरीदाबाद डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि, राजधानी दिल्ली क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार ग्रैप की संशोधित पाबंदियां 21 नवंबर से पूरे एनसीआर में लागू है।
कम गति की हवाओं, स्थिर वातावरण तथा प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण धूल कण नहीं उड़ पाई है। वहीं, पूर्वी हवाओं के कारण पीएम 2.5 का स्तर और अधिक बढ़ गया है।
आईएमडी एवं आईआईटीएम के अनुसार यह स्थिति आगामी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा ग्रेप-3 की पाबंदियों को लागू कर दिया है। डीसी ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रैप के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराए। उन्होंने कहा कि ग्रैप- 3 के नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

No comments :