//# Adsense Code Here #//
गुरुग्राम में अल्ट्रा प्रीमियम कैमेलियाज सोसाइटी और एंबियंस मॉल में सस्ते फ्लैट दिलाने का लालच देकर ठगने वाले गिरोह ने दिल्ली से लेकर गोवा तक जाल फैला रखा था। यह बैंक के नकली नीलामी डॉक्यूमेंट्स दिखाकर बाजार से कम कीमत पर प्रॉपर्टी दिलाने का झांसा देते थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट किया है।
इनका नेटवर्क दिल्ली-NCR से शुरू होकर उत्तर से दक्षिण तक फैला था। मास्टरमाइंड मोहित गोगिया और उसके साथी साजिशकर्ता राम सिंह उर्फ बाबाजी के खिलाफ दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, गोवा और चंडीगढ़ में कुल 16 मामले दर्ज हैं। इसी मोडस आपरेंडी से सिंडिकेट ने 200 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की। ठगे गए पैसे को कई बैंक खातों और बाबाजी फाइनेंस फर्म के माध्यम से उच्च ब्याज पर घुमाया जाता था।
- 38 वर्षीय मोहित इस ठगी सिंडिकेट का मुख्य सरगना है। दिल्ली में पूर्वी पटेल नगर का रहने वाला यह आरोपी पुराना अपराधी है। उसके खिलाफ दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, गोवा आदि में कुल 16 मामले दर्ज हैं। जिनमें अधिकांश धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े हैं। वह विवादित या गैर-मौजूद प्रॉपर्टी की पहचान करता था, नकली SBI नीलामी दस्तावेज तैयार करवाता था और पीड़ितों को कम कीमत पर लग्जरी फ्लैट बेचने का लालच देता था। ठगे गए पैसे का 40% हिस्सा खुद रखता था जबकि 60% राम सिंह उर्फ बाबाजी को देता था।
राम सिंह उर्फ बाबाजी इस रैकेट का सबसे बड़ा सरगना और धन शोधन का मुख्य संचालक है। वह अपनी फर्म बाबाजी फाइनेंस के जरिए ठगे गए पैसे को उच्च ब्याज पर घुमाता था और पूरे नेटवर्क को फंडिंग उपलब्ध कराता था। मोहित गोगिया सहित सभी आरोपी उसके इशारे पर काम करते थे। ठगी से मिले पैसे से दो स्कॉर्पियो कारें खरीदी गईं, जो उसके पायलट और एस्कॉर्ट के रूप में इस्तेमाल होती थीं। वर्तमान में फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। उसके खिलाफ भी कई राज्यों में मामले दर्ज हैं।

No comments :