फरीदाबाद के गांव सीकरी में घर से अपने दोस्तों के साथ घूमने निकले नाबालिग लड़के की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक 12वीं क्लास का छात्र था। परिजनों ने दोस्तों पर जान से मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-58 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में सीकरी गांव में रहने वाले हरीश ने बताया कि उनका बेटा हिमांशु बारहवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार को उसके दोस्त अंशुल और समीर घर पर आए थे। दोनों दोस्तों के साथ हिमांशु बाहर घूमने निकल गया। कुछ समय बाद हिमांशु के मोबाइल से कॉल करके बताया कि वह बेहोश हो गया है। इस पर हरीश ने अंशुल से कहा कि वह हिमांशु को बादशाह खान अस्पताल ले जाए।
मृतक के पिता हरीश ने बताया कि जब वह बादशाह खान अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने बताया कि हिमांशु की मौत हो चुकी है। मृतक के भाई सोनू ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके दोस्तों ने ही हिमांशु को मारा है। क्योंकि जब घर से हिमांशु निकला था वह पूरी तरह से ठीक था।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई थी। हिमांशु के शरीर पर किसी तरह के कोई चोट के निशान नहीं मिले है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments :