हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बुधवार सुबह फरीदाबाद के गांव भतोला स्थित चंदीला चौक पर नायरा पेट्रोल पंप पर छापा मारा। मंत्री ने मौके पर ही पेट्रोल और डीजल के सैंपल भरवाए और पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड, स्टॉक और मीटर की जांच करवाई। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निरीक्षक दल भी उनके साथ मौजूद थे।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि सैंपल जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, मिलावट या कम तौल का मामला सामने आता है, तो नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पेट्रोल पंप के खिलाफ गांव के लोगों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। ग्रामीणों ने पंप पर कम पेट्रोल देने और मिलावट के आरोप लगाए थे।
राजेश नागर ने कहा कि विभागीय टीम काफी समय से इन शिकायतों पर नजर बनाए हुए थी और बिहार चुनाव से लौटने के तुरंत बाद उन्होंने बिना पूर्व सूचना के यह छापा मारा, ताकि किसी को पहले से तैयारी करने का मौका न मिले। उन्होंने कहा कि यह जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि पूरा हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कड़ी निगरानी में है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम उपभोक्ताओं को सही मात्रा और गुणवत्ता का पेट्रोल व डीजल मिले। उन्होंने कहा कि व्यापार लाभ कमाने का जरिया है, धोखा देने का नहीं, और जो लोग जनता को ठगने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
मंत्री नागर ने कहा, “यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार है, जो सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर चलती है। हम अपने नेतृत्व द्वारा दिए गए संस्कारों के आधार पर जनता की सेवा में लगे हैं, क्योंकि राजनीति हमारे लिए सेवा का माध्यम है।”

No comments :