दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। कहीं लोगों की जान जा चुकी है, तो कहीं लोग अपने घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं। अब हरियाणा के कई जिले भी बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें फरीदाबाद की स्थिति सबसे चिंताजनक है।
फरीदाबाद में यमुना नदी का
जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे कई कॉलोनियां और गांव जलमग्न हो गए हैं। शहर के निचले इलाकों में मकानों की एक-एक मंजिल पानी में डूब गई है। लोग अपना घर छोड़कर जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की तलाश में निकल रहे हैं। अब तक 20,000 से अधिक लोग बेघर होकर सड़कों पर रहने को मजबूर हो चुके हैं।
बसंतपुर और इसके आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बसंतपुर-II, पहलवान कॉलोनी, नंबरदार कॉलोनी, गड्डा कॉलोनी, अजय नगर-I, II, III, शिव इंक्लेव-II, III, विष्णु कॉलोनी, अटल चौक और बजरंग चौक जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति गंभीर है।
हालांकि प्रशासन द्वारा राहत शिविर बनाए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोग वहां जाने से कतरा रहे हैं। उनका कहना है कि राहत शिविरों में सुविधाएं बेहद खराब हैं – न तो खाने-पीने की उचित व्यवस्था है और न ही साफ-सफाई। इसी कारण कई लोग सड़कों पर ही रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली यमुना नदी में पानी की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है। ओखला बैराज का फ्लड प्वाइंट 193.70 मीटर पर चिन्हित है, लेकिन वर्तमान में जलस्तर 200 मीटर से ऊपर जा चुका है।

No comments :