हरियाणा में कांग्रेस की सक्रियता तेज करने, नेताओं को जोड़ने, जनता के बीच पकड़ को मजूबत बनाने के लिए चंडीगढ़ में राजनीति का कमांड सेंटर तैयार किया जा रहा है। गुजरात, मध्य प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश में तैयार वॉर रूम की तर्ज पर प्रदेश में अत्याधुनिक केंद्रीय वॉर रूम में राजनीति से जुड़े हर क्षेत्र के विशेषज्ञ, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहेंगे। इसका प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद नेतृत्व करेंगे।
वॉर रूम का उद्देश्य न केवल चुनावी रणनीति तैयार करना है बल्कि जमीनी स्तर पर संगठन निर्माण, मीडिया प्रबंधन और डिजिटल निगरानी को एक ही छत के नीचे संचालित करना है। ये राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र की गतिविधियों की मॉनिटरिंग का केंद्र होगा।
इसमें आधुनिक आईटी सिस्टम, डाटा विश्लेषण, मीडिया और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग डेस्क, रिसर्च सेल और संचार विभाग के लिए अलग-अलग यूनिट होंगे। यहां से रीयल टाइम फीडबैक के आधार पर न केवल प्रवक्ताओं को मुद्दों की लाइन दी जाएगी
बल्कि उम्मीदवारों और जिला इकाइयों को भी सीधा निर्देश मिलेगा।
चंडीगढ़ वॉर रूम में भी हर जिले के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे जो स्थानीय स्तर से डाटा और सुझाव लेकर यहां पहुंचाएंगे। ये नोडल अधिकारी एआईसीसी के सदस्य या जिलाध्यक्ष भी हो सकते हैं। साथ ही प्रेस कॉन्फ़्रेंस, नेताओं के दौरे और संगठनात्मक बैठकों का समन्वय भी इसी केंद्र से होगा।

No comments :