//# Adsense Code Here #//
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग हरियाणा एवं विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस के सहयोग से गत तीन दिनों से विद्यार्थियों की नेत्र जांच की जा रही है। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते आवश्यक देखभाल हेतु जानकारी प्रदान
करना है। शिविर में अब तक कुल 3200 विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण कर उनकी आँखों से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की जा चुकी है अभी लगभग 1000 से अधिक विद्यार्थियों की नेत्र जांच कल बुधवार तक संपन्न होने की आशा हैं। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि चिकित्सकों की टीम में वरिष्ठ कॉर्डिनेटर जगमिंदर सोनी, अर्जुन सोनी, सीनियर ऑप्टम राहुल त्यागी और निखिल ने विद्यार्थियों को समझाया कि नियमित रूप से आँखों की जाँच कराना कितना आवश्यक है धूप में बाहर खेलते समय आँखों की सुरक्षा कैसे करें पर्याप्त प्रकाश में पढ़ाई करने की आदत क्यों आवश्यक है, स्क्रीन का सीमित उपयोग कैसे करें और संतुलित आहार से आँखों को स्वस्थ बनाए रखने के उपाय क्या हैं। इस अवसर पर प्राध्यापक अनिल कुमार और दीपांजली शर्मा पी जी टी शारीरिक शिक्षा ने शिविर का संचालन करते हुए बच्चों को नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी सावधानियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें आँखों की देखभाल की आदत अपनाने के लिए उत्साहित किया और चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह को जीवन में उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने स्वास्थ्य विभाग की इस योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक विकास में आँखों का स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित नेत्र परीक्षण कराते रहने, पर्याप्त आराम देने और संतुलित आहार अपनाने का आग्रह किया ताकि वे स्वस्थ दृष्टि के साथ बेहतर पढ़ाई और खेलकूद कर सकें। प्राचार्य मनचंदा ने नेत्र चिकित्सकों की टीम, कॉर्डिनेटर जगमिंदर सोनी, डॉक्टर नीरज एवं सभी अध्यापक वर्ग और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए नेत्रदान पखवाड़े की समाप्ति पर सभी को मृत्यु उपरांत नेत्रदान की आवश्यकता से भी अवगत कराया।

No comments :