फरीदाबाद में यमुना बाढ़ में डूबकर जान गंवाने वाले 11 वर्षीय बच्चे कृष्णा के परिजनों को हरियाणा सरकार की ओर से मुआवजा राशि प्रदान की गई। राज्य मंत्री राजेश नागर शनिवार को मृतक के घर पहुंचे और परिवार को 4 लाख रुपए का चेक सौंपा।
कृष्णा गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ खेतों की ओर नहाने गया था। खेतों में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण वह डूब गया और उसकी मौत हो गई। कृष्णा का शव दूसरे गांव में जाकर मिला था। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री राजेश नागर ने परिवार से मुलाकात कर सहायता राशि देने का आश्वासन दिया था।
परिजनों से संवेदना जताने के बाद राजेश नागर ने यमुना से प्रभावित गांवों और कॉलोनियों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि कई किसानों की फसलें डूब गई हैं और भारी नुकसान हुआ है। सरकार ने पोर्टल के माध्यम से नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है।
मंत्री नागर ने कहा कि जल्द ही यमुना का जलस्तर कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को समय पर राशन और सहायता मिले। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे हरियाणा में कहीं भी शिकायत आती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा।

No comments :