//# Adsense Code Here #//
गुरुग्राम में पुलिस ने एक फर्जी IAS अधिकारी को पकड़ा है। आरोपी युवक खुद को गृह मंत्रालय का अधिकारी बताकर लोगों से नौकरी लगवाने और ट्रांसफर करवाने के बदले पैसे ऐंठता था। युवक के पास से पुलिस ने एक गाड़ी भी बरामद की है। उस पर नीली बत्ती लगी हुई है, साथ ही गवर्नमेंट ऑफ इंडिया भी लिखा हुआ है।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रघुईपुर गांव निवासी जय प्रकाश पाठक (31) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि वह 12वीं पास है। थाना पालम विहार पुलिस ने युवक के खिलाफ फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोर्ट में पेश कर उसे 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
- थाना पालम विहार के SHO बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक अपने आप को IAS अधिकारी बताकर लोगों से रुपए ऐंठता है और फर्जी सरकारी गाड़ी के साथ अपने पालम विहार स्थित किराए के मकान में मौजूद है।
- सूचना मिलती ही पुलिस की टीम मकान पर पहुंची। एक युवक मकान के सेकेंड फ्लोर पर मौजूद था। पुलिस टीम को देखकर युवक छत की तरफ भागने लगा। टीम ने भी पीछा कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ की तो उसने अपना नाम जय प्रकाश पाठक बताया।
SHO ने आगे बताया कि टीम ने उसके कमरे की तलाशी ली तो वहां रखी एक टेबल से 2.50 लाख कैश, 2 ID कार्ड, एक ID कार्ड का स्ट्रैप (गृह मंत्रालय लिखा हुआ), 1 एडिशनल इंस्पेक्टर के ट्रांसफर से संबंधित लेटर, 1 फर्जी आर्म्स लाइसेंस, 6 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 1 वॉकी टॉकी सेट, 1 आयुष्मान कार्ड, 3 आधार कार्ड, 1 ATM कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 पासपोर्ट, 2 मोहर, 1 लाल व नीली बत्ती और मकान के बाहर खड़ी 1 कार मिली। कार के आगे और पीछे भारत सरकार लिखा हुआ था।

No comments :