फरीदाबाद में ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ने पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा की खिंचाई कर डाली। राव ने कहा कि मूलचंद जब मंत्री होते हैं, तो इनका दिमाग थोड़ा ऐसा ही रहता है। ज्यादातर लोग इनको याद नहीं रहते। मूलचंद शर्मा खट्टर सरकार में मंत्री रहे। इस बार नायब सरकार में उन्हें कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाई।
राव नरबीर ने जब दिमाग थोड़ा ऐसा ही रहता वाली बात बोली, तो मंच पर मूलचंद शर्मा के पास वाली कुर्सी पर बैठे बड़खल से विधायक धनेश अदलखा व NIT से विधायक सतीश फागना ठहाका मारकर हसें। फागना ने अदलखा के कंधे पर जोर से हाथ मारकर थपकी दी। मंत्री की बगल में बैठे DC विक्रम सिंह भी खुलकर हंसे।
एक क्षण के लिए चौंके मूलचंद शर्मा ने तुरंत जवाब देने के लिए माइक संभाला। उन्होंने राव नरबीर को तो कुछ नहीं कहा, लेकिन जिस फरियादी की बात पर राव नरबीर ने मूलचंद शर्मा पर चुटकी ली थी, उसे करारे अंदाज में जवाब देने लगे। यह देख राव नरबीर DC से बात करने में व्यस्त हो गए। उस वक्त मंच पर फरीदाबाद नगर निगम की मेयर प्रवीण बत्रा, पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता, निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा थे।
इससे पहले जनवरी में हुई ग्रीवांस कमेटी की पिछली बैठक में भी राव नरबीर ने सबके सामने मूलचंद शर्मा को हड़का दिया था। उसका वीडियो वायरल हुआ था।

No comments :