बल्लभगढ़। आज यानी बुधवार को तेज बारिश के कारण बाइक सवार गड्ढे में गिर गया। हादसा होते ही वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बल्लभगढ़-मलेरना मोहना मार्ग पर बन रहे एलिवेटेड पुल के निर्माण कार्य के चलते सड़क पर बने गहरे गड्ढे में युवक गिर गया था।
पनेहड़ा कला निवासी प्रिंस नाम का युवक अपनी बाइक से बल्लभगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वह दिल्ली जूस कार्नर, मलेरना मोड़ पर पहुंचा, वहां पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे बारिश के पानी के कारण दिखाई नहीं दिया और वह बाइक सहित उसमें जा गिरा।
घटना दोपहर लगभग 1 बजे की है। हादसा होते ही वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और प्रिंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की नुकसान नहीं हुई। प्रिंस को केवल हल्की खरोंचें आईं, जिसके बाद उसे नजदीकी क्लिनिक में प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही नगर निगम के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और बुलडोजर की मदद से बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला गया। इस दौरान आसपास भीड़ जमा हो गई थी। स्थानीय दुकानदार मोहन लाल ने बताया कि पुल के निर्माण के चलते सड़क पर कई बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि तेज बारिश के बीच प्रिंस अपनी बाइक लेकर संकरे रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाइक असंतुलित होकर नाले जैसे गहरे गड्ढे में गिर गई। यदि मौके पर लोग मौजूद न होते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

No comments :