हरियाणा के प्राइवेट अस्पतालों ने आज रात से आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज बंद कर दिया है। दरअसल, भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) की देर रात आ
युष्मान कार्ड धारकों के इलाज को लेकर हुई मीटिंग में बकाया राशि पर ब्याज दिए जाने को लेकर सरकार से बात नहीं बन पाई, जिसके बाद सूबे के सभी प्राइवेट अस्पतालों ने रात 12 बजे से स्वास्थ्य सेवाएं बंद करने का ऐलान कर दिया था।
आईएमए के हड़ताल के ऐलान के बाद सरकार की ओर से प्राइवेट अस्पतालों की करीब 245 करोड़ रुपए बकाया राशि जारी कर दी गई है, अभी भी अस्पतालों का 490 करोड़ रुपए बकाया है।
आईएमए हरियाणा की एक ऑनलाइन बैठक एसीएस स्वास्थ्य सुधीर राजपाल और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ अथॉरिटी के पदाधिकारियों के साथ हुई। आईएमए की ओर से, इसमें अध्यक्ष डॉ एमपी जैन, आईपीपी डॉ अजय महाजन, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ सुनीता सोनी, सचिव डॉ धीरेंद्र के सोनी और आयुष्मान समिति के अध्यक्ष डॉ सुरेश अरोड़ा शामिल हुए।
मीटिंग में आईएमए टीम ने बताया कि उन्हें कल 245 करोड़ रुपए ही मिले हैं, जिनमें से 175 करोड़ इस तिमाही के बजट के रूप में हरियाणा सरकार और 70 करोड़ केंद्र सरकार के हिस्से के हैं। मीटिंग में बताया गया कि इस समय प्राइवेट अस्पतालों का लगभग 490 करोड़ रुपए बकाया है।
आईएमए की टीम ने बताया कि जब हमने इस धनराशि को अपर्याप्त बताया तो उन्होंने कहा कि वे 22 अगस्त को हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में अनुपूरक बजट की मांग रखेंगे। वे यह नहीं बता पाए कि वे कितना बजट मांगेंगे या प्राप्त करेंगे।

No comments :