फरीदाबाद, 31 अगस्त – महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा गाँधी कॉलोनी स्थित समुदाय भवन में आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव का समापन 31 अगस्त को गणेश प्रतिमा के भव्य विसर्जन के साथ हुआ। यह उत्सव 26 अगस्त से शुरू होकर पूरे उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया।
विसर्जन शोभायात्रा की शुरुआत उत्सव स्थल से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ढोल-ताशों की धुन पर नृत्य करते हुए, गुलाल उड़ाते हुए और "बाप्पा मोरया" के जयघोष लगाते हुए भाग लिया। भक्तों ने नम आँखों से बाप्पा को विदाई दी और भावुक स्वर में कहा – "अगले बरस तू जल्दी आ!"
यात्रा 5बी-81 पर पहुँची, जहाँ सभी भक्तों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और जलपान की व्यवस्था की गई। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। इसके बाद यात्रा 5 नंबर मैन मार्केट चौक पहुँची, जहाँ गोपाल जी द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई थी। आगे बिजली ऑफिस चौक पर शिव चरण बब्बल द्वारा सभी को फ्रूटी वितरित की गई।
अंततः सभी भक्तजन अपनी गाड़ियों में सवार होकर विसर्जन स्थल पहुँचे। वहाँ गणेश जी की आरती के बाद श्रद्धालुओं ने भावुक होकर बाप्पा को विदाई दी। विसर्जन स्थल पर "बाप्पा मोरया" के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
इस शोभायात्रा में मंडल के प्रमुख सदस्य – रविन्द्र पांचाल, यशवंत पांचाल, राजेन्द्र पांचाल, विनय पांचाल, उत्तम कुमार, रमाकांत, अनिल, निखिल, हरेन्द्र, शेखर, तेजस, ओजस, करन, विनय, श्रावणी, पावनी, गायत्री सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
No comments :