//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद में आज महिलाओं और पुलिस के बीच झड़प हुई है। महिलाएं बल्लभगढ़ सेक्टर-56 के पास प्रतापगढ़ इलाके में नगर निगम द्वारा बनाए गए कूड़ा डंपिंग यार्ड का विरोध कर रही थी। आज गुरुवार को सुबह जब नगर निगम की गाड़ियां कूड़ा डंप करने के लिए यार्ड की ओर जा रही थीं, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। महिलाएं सड़क पर बैठ गईं और विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को हटाने की कोशिश की। लेकिन महिलाएं हटने को तैयार नहीं हुईं। इसके बाद पुलिस ने जबरदस्ती हटाने का प्रयास किया, जिससे महिलाओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प हो गई।
स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वे डेढ़ साल से इस डंपिंग यार्ड का विरोध कर रहे हैं। कई बार अधिकारियों और नेताओं से मिल चुके हैं, लेकिन कूड़ा डंपिंग बार-बार शुरू कर दी जाती है। लोगों का कहना है कि इस यार्ड से आसपास के इलाके में गंदगी, बदबू और बीमारियां फैलने का खतरा है।
वहीं विरोध को देखते हुए 7 से 8 गाड़ियों को पुलिस सुरक्षा में यार्ड तक भेजा गया, लेकिन लोगों ने साफ कहा कि जब तक डंपिंग पूरी तरह बंद नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
No comments :