//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद 11 जून - ग्रामीण सफाई कर्मचारीयों ने लिंक अधिकारी और बीडीपीओ बल्लभगढ़ पूजा शर्मा के आश्वासन पर अपना दूसरे दिन का पड़ाव स्थगित कर दिया । कल देर शाम को ब्लॉक फरीदाबाद में बीडीपीओ महोदया ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंची । उन्होने कर्मचारियों को विश्वास दिलाया की उनके वेतन के भुगतान संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी करके चंडीगढ़ मुख्यालय को मंजूरी प्रदान करने हेतु भेज दी गई है। कल अवकाश के कारण
कार्यालय बंद रहेंगे। 12 जून को कार्यालय में फिर से काम शुरू होगा और आपके वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। अधिकारी के आश्वासन पर
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपना पड़ाव फिलहाल टाल दिया है। यदि इस हफ्ते पेमेंट नहीं होती है। तो आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि एक ही कार्यालय के नीचे काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन देने में अधिकारी गण दोहरे मापदंड अपनाते हैं। एक तरफ रेगुलर कर्मचारी काम करता है। तो उसके वेतन का भुगतान प्रत्येक महीने की 1 तारीख को हो जाता है। दूसरी तरफ उसी कार्यालय के अधीन गांव और देहात में सफाई का काम करने वाले कर्मचारी है। तो उनके वेतन के बिलों को पास करने में खजाना अधिकारी का कार्यालय भी सहयोग नहीं करता है। यदि यह पेमेंट ठेकेदार की होती तो सभी अधिकारी एकजुट होकर उसका भुगतान करने में लग जाते हैं। लेकिन यह कच्चे कर्मचारियों का मसला है। इसलिए इस तरफ कोई विशेष ध्यान देने की आवश्यकता नहीं होती है। परिणाम स्वरूप कर्मचारियों को इसका खामियाजा बगैर वेतन के भुगतना पड़ता है। इसके विपरीत दूसरी तरफ पंचायतों का काम करने के सवाल पर लगातार दबाव बना रहता है। कर्मचारियों को काम करने के लिए अच्छे औजार और संसाधन उपलब्ध नहीं करवाने के बावजूद भी विभाग के आला अधिकारी और गांव के सरपंच,और मेंबर पंचायत बेहतर काम की उम्मीद कर्मचारी से रखते हैं। फिर भी कर्मचारी अपनी सेवाओं को देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। इसके बावजूद भी जिले के अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय लाल मेटल की ही नीति अपना रहे हैं। यूनियन के जिला प्रधान देवी राम, कोषाध्यक्ष दिनेश पाली, सचिव राजू तथा सीटू जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल और धर्मवीर वैष्णव ने बताया कि अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ताएं होने के बावजूद भी वेतन भुगतान का मसाला लंबित पड़ा हुआ है। उन्होंने कर्मचारियों से अगले आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा है। साथ ही साथ देश की तमाम केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आवाहन पर 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेने का आवाहन भी किया। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल चार श्रम संहिताओं को रद्द करने पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने न्यूनतम वेतन ₹26000 संशोधित करने सहित सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों की सेवाओं को रेगुलर करने के सवाल पर की जा रही है। इस हड़ताल में पूरे देश का श्रमिक वर्ग भाग लेगा। हड़ताल के दिन सभी प्रकार के कामकाज ठप रहेंगे। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि हड़ताल का प्रचार प्रसार करने के लिए राज्य स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। फरीदाबाद के प्रत्येक गांव और रिहायशी कालोनियों में भी हड़ताल के पक्ष में सभाएं की जाएगी। हड़ताल के दिन बैंक बीमा एलआईसी अस्पताल पोस्ट ऑफिस रेल विभाग डाक्टर विभाग, केंद्रीय कार्यालय सभी बंद रहेंगे।
No comments :