फरीदाबाद की न्यू भारत कॉलोनी में एक महिला ने अपने बेटे को जहर देकर मार दिया और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मां-बेटे की एक साथ मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मृतका की पहचान विमला देवी (45) और उनके 14 वर्षीय बेटे कृष्णा के नाम पर हुई है। वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और फिलहाल न्यू भारत कॉलोनी में किराए पर रहती थीं। उनके पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उनकी एक बेटी मक्कड़ फार्म इलाके में विवाहित है। विमला दूसरों के घरों में काम करके अपना और बेटे का गुजर-बसर करती थीं।
पड़ोसियों के अनुसार, विमला अपने बेटे के भविष्य को लेकर हमेशा चिंतित रहती थीं। उन्होंने एक बार कहा भी था कि अपनी मौत के समय वह बेटे को भी साथ ले जाएंगी। विमला का स्वभाव मिलनसार था और वह सभी से अच्छे से मिलती-जुलती थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। थाना खेड़ी के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
No comments :