जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली के नए CM की दौड़ में हैं। रेखा इसी महीने हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से विधायक चुनीं गई। उन्होंने AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा स्टूडेंट लाइफ से ही पॉलिटिक्स में आ गईं थी। वहीं शुरुआत से वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और BJP से जुड़ी हुई हैं। इस वक्त वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
दिल्ली में 27 साल बाद BJP बहुमत से चुनाव जीती है। जिसके बाद देश के 21 राज्यों में BJP या उनके गठबंधन की सरकार है। हालांकि अभी कहीं भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है। ऐसे में भाजपा दिल्ली में महिला सीएम का दांव चल सकती है। इससे पहले AAP ने भी आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया था। भाजपा ने पहले सुषमा स्वराज को भी दिल्ली का CM बनाया था।
महिला मुख्यमंत्री बनाने की बारी आई तो रेखा के मुकाबले में शिखा राय का भी नाम है। शिखा ने AAP के दिग्गज नेता सौरभ भारद्वाज को हराया है। हालांकि दिल्ली में भाजपा की 4 महिला विधायकों में जींद की रेखा सबसे अनुभवी हैं। रेखा का दावा इसलिए भी मजबूत माना जा रहा है कि PM नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और हरियाणा CM नायब सैनी जैसे भाजपा दिग्गजों ने उनके लिए प्रचार किया था।
No comments :