फरीदाबाद में नगर निगम चुनाव के बीच एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां महिला नेता हरविंदर कौर मेहंदीरत्ता ने पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की टिकट ठुकराई। फिर कांग्रेस से नामांकन भरा। इसके बाद वोटिंग से पहले ही BJP के उम्मीदवार को समर्थन दे दिया।
हरविंदर कौर वार्ड-9 से कांग्रेस की उम्मीदवार थीं। उनका कहना है कि समाज के हित में हमने यह फैसला लिया। हरविंदर कौर ने साल 2024 में आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली थी। अब वह वार्ड से BJP की उम्मीदवार संगीता भाटिया के लिए वोट मांगेंगी। हरविंदर के फैसले से कांग्रेस इस वार्ड में बिना लड़े ही चुनाव से बाहर हो गई है।
फरीदाबाद के वार्ड-9 की रहने वाली हरविंदर कौर के पति हरजिंदर सिंह ने 2022 में AAP की सदस्यता ली थी। पार्टी ने उन्हें वार्ड अध्यक्ष बना दिया था। हालांकि, विधानसभा चुनाव-2024 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली। कांग्रेस के फरीदाबाद NIT से उम्मीदवार रहे नीरज शर्मा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
लेकिन, जब चुनाव संपन्न हो गए और कांग्रेस हार गई तो हरजिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और वापस AAP में शामिल हो गए। तब से हरजिंदर सिंह AAP के ही कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे थे, लेकिन निकाय चुनाव की घोषणा होते ही उनका फिर से रंग बदल गया।
No comments :