दिल्ली विधानसभा चुनाव और हरियाणा में निगम चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिल गई है। मंगलवार (28 जनवरी) सुबह 6 बजे वह रोहतक स्थित सुनारिया जेल से निकला।
जेल जाने के बाद पहली बार उसे सिरसा डेरे में रहने की परमिशन मिली है। साल 2017 में साध्वियों से यौन शोषण और मर्डर केस में सजा होने के बाद राम रहीम 12वीं बार जेल से बाहर आया है। इससे पहले 11 बार वह उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में रहा।
सिरसा पहुंचते ही राम रहीम ने वीडियो जारी कर कहा- 'परमात्मा की कृपया से आपके दर्शनों के लिए और आपकी सेवा में आए हैं। इस बार सिरसा शाह सतनाम जी धाम में आए हैं। आपसे प्रार्थना है कि आप सिरसा में न आएं। अपनी-अपनी जगह पर ही रहें। सेवादार जैसा कहेंगे, आपको अमल करना है। भगवान आप सबको बहुत खुशियां दे। बहुत-बहुत आशीर्वाद।'
दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। रिजल्ट 8 फरवरी को आएगा। इसके बाद फरवरी महीने के पहले हफ्ते में हरियाणा में 8 नगर निगमों और 32 परिषदों में चुनाव हो सकते हैं।
No comments :