हरियाणा में सोमवार सुबह माैसम बदल गया। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से हिसार में बारिश शुरू हुई है। सुबह के समय बूंदाबांदी के बाद मौसम में बदलाव आया। दिसंबर महीने के दूसरे पखवाड़े में हो रही बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
सरसों और गेहूं की फसल को सबसे अधिक फायदा होगा। अभी तक कोहरा नहीं गिरा था। बारिश के बाद कोहरे का कहर भी शुरू होगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है।
माैसम विभाग ने हरियाणा में एक-दो जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई है। रविवार रात सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव आया है। इसका असर मंगलवार सुबह तक दिखेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ.चंद्रमोहन ने बताया कि रविवार रात एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय हुआ है। इसके असर से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इस कारण अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी वाली हवाएं प्रदेश की तरफ रुख कर रही हैं। इससे सोमवार को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के 50 प्रतिशत इलाकों में हल्की बारिश और तेज गति से हवाएं चलने के साथ ही साथ गरज चमक के साथ एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा।
No comments :