कांग्रेस ने अब विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेश में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार की शाम से करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी से हरियाणा की भाजपा सरकार से पिछले दस सालों के कार्यकाल का हिसाब मांगने के लिए हरियाणा मांगे हिसाब पद यात्रा शुरू की है।
पुरानी सब्जी में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। यहां शाम को एक जनसभा की गई। जिसमें कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार को अब अपने दस सालों के कार्यकाल का जवाब हरियाणा की जनता को देना होगा।
भाजपा की सरकार ने सिर्फ झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया है, सिर्फ पोर्टल बनाकर लोगों की मुसीबते बढ़ाई हैं, उन्हें सरकारी कार्यालयों की चक्कर लगाने को विवश किया है। गरीबों के राशन कार्ड काटे हैं। हरियाणा में बेतहाशा बेरोजगारी बढ़ गई है, युवाओं के कदम नशे की ओर बढ़े हैं। राज्य में अपराध इतना बढ़ गया है कि लोगों में भय का माहौल पनप रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर प्रदेश को सुरक्षित माहौल दिया जाएगा। साथ ही बेरोजगारों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर उन्हें रोजगार दिया जाएगा। पदयात्रा का शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रजनीश चौधरी सहित कई आढ़तियों ने करनाल क्लब के सामने यात्रा का स्वागत किया।
No comments :