//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश के गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को फरीदाबाद के तिगांव और पानीपत के बापौली में चुनावी जनसभा करने पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार तीन डी पर चलती है। पहले डी का मतलब है दरबारियों की सरकार, दूसरे डी का मतलब है दामाद की सरकार और तीसरे डी का मतलब है दामाद के दलालों की सरकार।
शाह ने कहा कि 70 साल हो गए, 370 हटाने की हिम्मत नहीं की। पीएम मोदी ने पहली ही सत्र में धारा 370 हटाने का काम किया। भाजपा ने धारा-370 हटाकर कठोर संदेश भेजा है। लेकिन कांग्रेस इसके विरोध में थी। ये कोई नई बात नहीं है क्योंकि जैसे ही राष्ट्रवाद का सवाल आता है, कांग्रेस को सांप सूंघ जाता है। वोट बैंक की वजह से वे ये निर्णय नहीं कर पाते।
अमित शाह ने भूपेंद्र हुड्डा पर भी तंज कसे। उन्होंने कहा कि हुड्डा जब भी सत्ता में थे उन्होंने गांधी परिवार के दामाद के लिए हरियाणा के किसानों की जमीन खाने का काम किया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के राज में दामाद के साथ जगह इकट्ठा करने वाले लोगों को एमएलए बनाने का काम किया है।
शाह ने एनआरसी के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकार 2024 तक देश में किसी भी घुसपैठिए को नहीं रहने देगी। एक-एक घुसपैठिये को बाहर निकाला जाएगा। लेकिन कांग्रेस पार्टी कहती है कि क्यों निकाल रहे हो. कहां जाएंगे, क्या खाएंगे, कहां रहेंगे। उन्होंने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा साबह आप लोगों को इतनी दया आती है, क्या आपके मौसेरे भाई लगते हैं क्या?

No comments :