फरीदाबाद। लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर फरीदाबाद सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। व्रती पूजा सामग्री जुटाने और परिवार के सदस्य घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य तैयारियों में जुटे हैं।
अधिवक्ता एवं समाजसेवी पं. मोहन तिवारी ने छठ व्रतियों और देशवासियों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति और लोक परंपरा का ऐसा पर्व है, जिसमें प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना की जाती है। इस अवसर पर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की जाती है।
उन्होंने बताया कि चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन नहाय-खाय पर व्रती सात्विक भोजन ग्रहण कर पूजा की शुरुआत करते हैं। 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें दिनभर उपवास के बाद शाम को पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के दौरान अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण होगा।
पं. मोहन तिवारी ने बताया कि वह पिछले 12 से 14 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का व्रत करते आ रहे हैं। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व अब देश के लगभग सभी हिस्सों और विदेशों में भी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। छठ महापर्व की एक विशेष पहचान सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग भी है। इसमें सभी जातियों, वर्गों और समुदायों के लोग श्रद्धापूर्वक भाग लेते हैं तथा घाटों की व्यवस्था और पूजा की तैयारियों में एक-दूसरे का सहयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व भी है। जलस्रोतों और घाटों को स्वच्छ रखना तथा पर्यावरण की रक्षा करना भी इस पर्व की भावना का हिस्सा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता और आपसी भाईचारे के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की।


No comments :