//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद,। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने आज सेक्टर-12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर 14 नवंबर को अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी का कड़ा विरोध किया। संघ ने अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण से संबंधित उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय के फैसलों को लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान करतार सिंह ने की तथा मंच संचालन जिला सचिव बलबीर सिंह बालगोहर ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री एवं टूरिज्म विभाग के महासचिव सुभाष देशवाल ने कहा कि अतिथि अध्यापकों के मामले में सरकार द्वारा जारी स्पीकिंग ऑर्डर न्यायालयों के आदेशों के विपरीत है। उन्होंने इसे वापस लेने तथा प्रदेश के सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए नियमितीकरण नीति बनाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की आवाज गिरफ्तारी और दमन से दबाई नहीं जा सकती।
शास्त्री ने कहा कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय कर्मचारी रैली में हरियाणा से 25 हजार से अधिक कर्मचारी भाग लेंगे। रैली में पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण एवं ठेका प्रथा पर रोक, आठवें वेतन आयोग का लाभ देने, नए पद सृजित करने तथा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों एवं ब्लॉकों के पदाधिकारी रैली की तैयारियों में जुट गए हैं। शास्त्री ने दावा किया कि रामलीला मैदान की यह राष्ट्रीय कर्मचारी रैली पिछली कर्मचारी रैलियों की भागीदारी के रिकॉर्ड तोड़ेगी।
प्रदर्शन को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के उपमहासचिव वीरेंद्र, टूरिज्म विभाग के नेता दिगंबर डागर, कर्मचारी नेता कलराम, प्रेमपाल, अनिल चंडालिया, अशोक, मनोज बालगोहर, सुरेश, कृष्ण कुमार, बिजली यूनियन के नेताओं एवं महेंद्र पुरिया ने भी संबोधित किया।

No comments :