फरीदाबाद के सीकरी गांव में बदहाल व्यवस्था की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहां सीवरेज के गंदे पानी के बीच से अर्थी को कंधा देकर श्मशान घाट तक ले जाना पड़ा।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग गंदे पानी से होकर अर्थी लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे पिछले करीब चार साल से इस समस्या से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद न तो प्रशासन ने सुध ली और न ही ग्राम पंचायत ने समस्या का समाधान कराया।
सीकरी निवासी नीरज ने बताया कि 9 नवंबर को गांव के भगतराम (50) का निधन हो गया था। वह मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। उनका अंतिम संस्कार सीकरी-प्याला रोड स्थित एससी समाज के श्मशान घाट में किया जाना था।
श्मशान तक पहुंचने का रास्ता गंदे पानी से भरा होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों को अर्थी उसी पानी के बीच से लेकर गुजरनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि यह परेशानी उनके लिए रोजमर्रा की बात बन चुकी है।
नीरज के अनुसार, गांव में करीब चार साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई साल पहले सड़क निर्माण के दौरान नालियों से पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं किया गया।
इसके चलते करीब 200 मीटर लंबे हिस्से में नालियों का गंदा पानी जमा रहता है। गर्मी हो या सर्दी, यहां लगातार गंदा पानी बहता रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।

No comments :