कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भ दूज पर दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में करीब 200 परिवारों से मुलाकात की। इनमें हरियाणा के करनाल और सोनीपत के परिवार भी शामिल रहे। राहुल गांधी ने सभी परिवारों के लिए अलग-अलग टेबल लगवाई थीं और एक-एक करके उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परिवारों का हालचाल जाना, बच्चों की पढ़ाई और कामकाज के बारे में पूछा और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस मुलाकात में करनाल के तेजिंदर मान का परिवार भी शामिल हुआ। तेजिंदर की मां बीरमती अपने हाथों से बनाया चूरमा लेकर पहुंचीं। राहुल गांधी ने उनके हाथ का चूरमा खाया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, गोहाना के किसान संजय अपने साथ मशहूर जलेबी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी से उनकी यह दूसरी मुलाकात थी।
तेजिंदर मान फिलहाल अमेरिका में हैं, इसलिए वह खुद इस मुलाकात में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, राहुल गांधी और उनके परिवार के बीच इस मुलाकात के बाद करनाल में दोनों के पारिवारिक और दोस्ताना संबंधों की चर्चा शुरू हो गई है।
इससे पहले भी तेजिंदर मान राहुल गांधी की हरियाणा में कुछ परिवारों से मुलाकात के इंतजाम में भूमिका निभा चुके हैं। बता दें कि राहुल गांधी दो साल पहले दोनों परिवारों से चुनाव के दौरान मिले थे। जिसपर अब उन्होंने पोस्ट कर कहा-कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं।

No comments :