HEADLINES


More

अधिवक्ताओं को गुंडा कहने और एके-47 की धमकी पर मोहन तिवारी ने की शिकायत

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 4 November 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर 2 नवंबर को हुए घटनाक्रम में अधिवक्ताओं के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों एवं एके-47 से गोली मारने की धमकी से जुड़े प्रसारित वीडियो को लेकर अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने लिखित शिकायत देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


अधिवक्ता मोहन तिवारी ने इस संबंध में नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर सहायक पुलिस आयुक्त मनस्वी वशिष्ठ एवं घटनाक्रम में शामिल अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आपराधिक एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि काला कोट देश की न्यायिक व्यवस्था एवं अधिवक्ताओं की पेशेवर पहचान और गरिमा का प्रतीक है। देश के सर्वोच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के माननीय न्यायाधीश भी न्यायिक परंपरा के अनुसार काला कोट धारण करते हैं। ऐसे में काला कोट पहनने वाले अधिवक्ताओं को कथित तौर पर 'गुंडा' कहना पूरे अधि

वक्ता समुदाय के सम्मान एवं न्यायिक व्यवस्था की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है।

उन्होंने प्रसारित वीडियो में एके-47 से अधिवक्ताओं को गोली मारने संबंधी कथित धमकी तथा मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मूल वीडियो रिकॉर्डिंग एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

इस प्रकरण में अधिवक्ता मोहन तिवारी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त, विशेष पुलिस आयुक्त (सतर्कता), संयुक्त पुलिस आयुक्त, नई दिल्ली क्षेत्र, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त तथा पुलिस शिकायत प्राधिकरण को भी लिखित शिकायत भेजी है। इसके अतिरिक्त भारतीय विधिज्ञ परिषद, दिल्ली बार काउंसिल एवं केंद्रीय दिल्ली जिला न्यायालय बार एसोसिएशन को भी शिकायत की प्रतियां भेजकर आवश्यक संज्ञान एवं कार्रवाई की मांग की गई है।

अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय की गरिमा, सम्मान, स्वतंत्रता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पुलिस एवं अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं और दोनों के बीच पारस्परिक सम्मान एवं संवैधानिक मर्यादा बनी रहनी चाहिए। किसी भी अधिकारी को उसके पद अथवा वर्दी के कारण कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। 

No comments :

Leave a Reply