HEADLINES


More

नगर निगम आयुक्त के साथ वार्ता में सफाई कर्मचारियों की दर्जनों मांगों पर बनी सहमति

Posted by : pramod goyal on : Friday, 16 October 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 16 अक्टूबर। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की इकाई नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन की बैठक आज निगम आयुक्त यशेंद्र के साथ हुई। बैठक में कर्मचारियों के वेतन, बीमा, चिकित्सा सुविधा तथा कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं सहित दर्जनों मांगों पर सहमति बनी।


वार्ता के बाद सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर ने बताया कि नगर निगम के तीनों जोनों में शिविर लगाकर पालिका रोल एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के एसबीआई बैंक में खाते खुलवाए जाएंगे। संबंधित दुर्घटना बीमा सुविधा के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर ₹50 लाख तथा विकलांगता की निर्धारित श्रेणी में ₹25 लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी। अंग-भंग की स्थिति में भी बीमा की शर्तों के अनुसार सहायता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि ठेका कर्मचारियों को ₹15,220 वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने तथा उन्हें तेल-साबुन उपलब्ध करवाने पर सहमति बनी है। हड़ताल के दौरान ठेकेदारों द्वारा नौकरी से हटाए गए सभी कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर लिया जाएगा। ठेका कर्मचारियों को भी नियमित एवं पालिका रोल कर्मचारियों की भांति हड़ताल अवधि का वेतन दिया जाएगा। निगम आयुक्त ने ठेका कर्मचारियों के मासिक वेतन भुगतान के लिए प्रत्येक माह की 7 तारीख निर्धारित की है।

नियमित, पालिका रोल एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का छह महीने से लंबित तेल-साबुन भी जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा। ईएसआईसी की सुविधा से वंचित कर्मचारियों को चिरायु योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के इलाज का लाभ दिलाने पर सहमति बनी है। इसके लिए प्रति कर्मचारी ₹9,293 की वार्षिक प्रीमियम राशि नगर निगम वहन करेगा। नियमित कर्मचारियों, पेंशनर्स एवं पात्र आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के लिए कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


बालगोहर ने बताया कि हाजिरी स्थलों पर शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था करने तथा उनकी मरम्मत करवाने पर भी सहमति बनी। समूह बीमा की कटौती एवं लाभ अन्य विभागों के कर्मचारियों के समान सुनिश्चित किए जाएंगे। भगवान वाल्मीकि जयंती पर सभी कर्मचारियों को अवकाश दिया जाएगा।

बैठक में नगर निगम प्रशासन की ओर से निगम आयुक्त, यशेंद्र सिंह अतिरिक्त निगम आयुक्त, तीनों जोनों के संयुक्त आयुक्त, वित्त अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। संघ की ओर से जिला प्रधान दलीप सिंह बोहत, जिला सचिव अनिल चंडालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर, सचिव महेंद्र कुरिया, कोषाध्यक्ष जितेंद्र छाबड़ा श्री नंद ढाकोलिया ललिता देवी प्रेमपाल राजवीर दर्शन सोया शकुंतला नरेश भगवान बीना देवी दान सिंह जीनवाल में सिंह उज्जैनवाल राजेश कामा सुरजीत जीनवाल लक्ष्मण पर्चा सुरेंद्र चौटाला अरुण सहरिया सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

24 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर विचार गोष्ठी

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दलीप सिंह बोहत एवं जिला सचिव अनिल चंडालिया ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी 24 अक्टूबर को दौलत राम धर्मशाला, फरीदाबाद में भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर विचार गोष्ठी आयोजित करेंगे। उन्होंने कर्मचारियों तथा भगवान वाल्मीकि में आस्था रखने वाले सभी नागरिकों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया।

No comments :

Leave a Reply