HEADLINES


More

त्योहारी सीजन में फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, एक और दो नंबर बाजार में की पैदल गश्त

Posted by : pramod goyal on : Tuesday, 27 October 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन को अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के आदेशों तथा पुलिस आयुक्त सतेन्द्र गुप्ता और डीसीपी एनआईटी के दिशा-निर्देशों के तहत फरीदाबाद पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न बाजारों में पैदल गश्त कर व्यापारियों और


खरीदारी करने आए लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।


इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली प्रभारी मनजीत सिंह के नेतृत्व में दो नंबर चौकी पुलिस टीम ने एक नंबर बाजार और दो नंबर बाजार में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और बाजार में खरीदारी करने आए ग्राहकों से संवाद कर उन्हें त्योहारी भीड़ के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। इस अवसर पर चौकी प्रभारी दर्शन सिंह भी मौजूद रहे।

पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ जेबकतरी, पर्स चोरी, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में लोगों को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से अपने पर्स, मोबाइल फोन, सोने की चेन और अन्य कीमती सामान का ध्यान रखने की सलाह दी गई।

आग लगने की स्थिति में तुरंत दें सूचना

पुलिस ने दुकानदारों और ग्राहकों को आग से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि बाजार में कहीं भी आग लगने या धुआं दिखाई देने पर तुरंत दमकल विभाग को सूचना दें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लें। दुकानदार अपनी दुकानों में बिजली के तारों, अस्थायी लाइटों, सजावटी उपकरणों और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच अवश्य करें। दुकानों के सामने और रास्तों में सामान रखकर आपातकालीन निकास को बाधित न करें।

पुलिस टीम ने लोगों को थाना, चौकी और आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 नंबर की जानकारी भी दी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में समय रहते पुलिस की मदद ली जा सके।

पुलिस की आमजन से अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

थाना कोतवाली प्रभारी मनजीत सिंह ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि त्योहार खुशियों और आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं। सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। बाजारों में खरीदारी करते समय अपने पर्स, मोबाइल और कीमती सामान को सुरक्षित रखें। किसी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा न करें और कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानों में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम रखें, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय पुलिस एवं संबंधित विभाग को तुरंत सूचित करें।

फरीदाबाद पुलिस का संदेश है कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है, लेकिन त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। पुलिस ने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे सावधानी बरतें, नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें। 

No comments :

Leave a Reply