//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों और अन्य पूजन सामग्री को कचरे में फेंकने के बजाय उनसे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की दिशा में विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन और नगर निगम फरीदाबाद की संयुक्त पहल सराहना बटोर रही है। इसी पहल को देखने और समझने के लिए जीआईजेड इंडिया के 11 सदस्यीय जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने फरीदाबाद स्थित फूल पुनर्चक्रण केंद्र का दौरा किया। विगत सात महीनों में फरीदाबाद के केवल 15 मंदिरों से लगभग 20 टन मंदिरों के कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया है।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने फूलों के कचरे के संग्रहण, छंटाई, सुखाने, पाउडर बनाने और उनसे धूप, हवन सामग्री एवं प्राकृतिक गुलाल जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही, शेष जैविक कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।
नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त यशेंद्र सिंह ने भी विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन के साथ मिलकर किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने फूलों के कचरे के उचित प्रबंधन और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की पहल को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि फरीदाबाद के सभी मंदिरों को इस अभियान से जोड़कर इसे आगे बढ़ाया जाएगा।
विक्टोरा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन के अध्यक्ष सरदार एस. एस. बांगा ने प्रतिनिधिमंडल के दौरे और इस पहल के उत्साहवर्धन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज, उद्योग, प्रशासन और नागरिकों को मिलकर काम करना
होगा। आज दुनिया जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। इनसे निपटने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
एस. एस. बांगा ने बताया कि विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन फूलों के कचरे के प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इनमें ट्री एम्बुलेंस के माध्यम से पेड़ों की देखभाल, पौधारोपण अभियान और हरित क्षेत्र विकसित करने जैसे प्रयास शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य पेड़ों का संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देना और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि उद्योग, प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक यदि एकजुट होकर काम करें, तो वैश्विक पर्यावरण संकट से निपटने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने जीआईजेड इंडिया की टीम द्वारा इस पहल की सराहना और उत्साहवर्धन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के अभियान को और मजबूत बनाते हैं।
विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन और नगर निगम फरीदाबाद की यह संयुक्त पहल स्वच्छता, संसाधनों के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ती है। फूलों के कचरे से उपयोगी उत्पाद और जैविक खाद तैयार करने का यह मॉडल ‘कचरे से संपदा’ की सोच को बढ़ावा देता है तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश देता है।
इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, नगर निगम सलाहकार इंद्रजीत कुलेडिया, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह और एसबीएस एक्सपर्ट कल्पना मंडल, फोडेशन की वाईस प्रेजिडेंट दमन बांगा, सी एस आर हेड सरोज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

No comments :