//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भीम शर्मा निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गोकलपुरी, शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर QORA.COM से संबंधित ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उक्त प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर निवेश संबंधी जानकारी दी। इसके बाद कथित कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के साथ जूम मीटिंग की और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने निवेश के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,44,25,000 रुपये निवेश कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित भीम शर्मा इस मामले में खाताधारक है। उसने अपने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता आगे ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में सामने आया कि आरोपित के खाते में ठगी की रकम में से 2.5 लाख रुपये आए थे। पुलिस द्वारा आरोपित को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

No comments :