HEADLINES


More

पुलिस की पाठशाला के तहत विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, दुर्गा शक्ति ऐप व डायल 112 के प्रति किया जागरूक

Posted by : pramod goyal on : Tuesday, 13 October 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को सुरक्षा, कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को थाना आदर्श नगर एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की टीम द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंदावली, फरीदाबाद में संयुक्त रूप से “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने भाग लिया।


पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती हिमाद्री कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त अपराध जयबीर राठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, डायल 112, दुर्गा शक्ति ऐप एवं महिला सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपनी ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों, दुर्गा शक्ति ऐप तथा डायल 112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या असुरक्षा का सामना करने पर संकोच न करें और तुरंत पुलिस की सहायता लें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने जवाब देकर समाधान किया।

फरीदाबाद पुलिस की अपील: विद्यार्थी अपने अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहें, नशे से दूर रहें, साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति, महिला संबंधी अपराध या साइबर ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

इस अवसर पर थाना आदर्श नगर की पुलिस टीम, सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की टीम तथा विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।


No comments :

Leave a Reply